Chhattisgarh Rajya Utsav 2026: रायपुर: छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के अवसर पर आयोजित होने वाले राज्य अलंकरण समारोह में इस बार दो नए सम्मान शुरू किए जा रहे हैं। पहली बार पंडवानी गायिका तीजन बाई और संत रविदास के नाम पर राज्य अलंकरण प्रदान किए जाएंगे। समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा।
इस वर्ष राज्य अलंकरण समारोह में कुल 41 पुरस्कार दिए जाएंगे। इनमें संस्कृति विभाग के 14 और अन्य विभागों के 27 पुरस्कार शामिल हैं। राज्य अलंकरण कला-संस्कृति, साहित्य, पत्रकारिता, खेल, कृषि, समाजसेवा, महिला सशक्तिकरण, सहकारिता, श्रमिक कल्याण और सामाजिक जागरूकता सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वालों को प्रदान किए जाते हैं।
कैसे होता है पुरस्कार पाने वालों का चयन?
राज्य अलंकरण के लिए अलग-अलग विभाग अपने क्षेत्र से जुड़े योग्य व्यक्तियों और संस्थाओं के नाम प्रस्तावित करते हैं। इसके बाद प्राप्त नामों में से पुरस्कार के लिए चयन किया जाता है। इन सम्मानों का उद्देश्य प्रदेश के विकास, कला-संस्कृति और समाजसेवा में योगदान देने वाले लोगों को प्रोत्साहित करना है।
पिछले साल 34 श्रेणियों में दिए गए थे राज्य अलंकरण
राज्योत्सव 2025 में 34 श्रेणियों में राज्य अलंकरण प्रदान किए गए थे। हालांकि, कुछ श्रेणियों में एक से अधिक व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित किया गया था, इसलिए पुरस्कार पाने वालों की कुल संख्या 34 से अधिक रही थी।
पिछले साल सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से यति यतनलाल, पंडित रविशंकर शुक्ल और महाराजा अग्रसेन सम्मान दिए गए थे। वहीं, आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग ने शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति, गुरु घासीदास और डॉ. भंवरसिंह पोर्ते आदिवासी सेवा सम्मान प्रदान किए थे।
खेल और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी सम्मान
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से गुण्डाधुर और महाराजा प्रवीरचंद भंजदेव सम्मान दिए गए थे। महिला एवं बाल विकास विभाग ने मिनीमाता, वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी स्मृति और माता बहादुर कलारिन सम्मान प्रदान किए थे।
साहित्य, पत्रकारिता और लोककला के लिए भी पुरस्कार
संस्कृति एवं पर्यटन विभाग की ओर से हबीब तनवीर, पंडित सुंदरलाल शर्मा, चक्रधर, दाऊ मंदराजी, देवदास बंजारे स्मृति पंथी नृत्य, किशोर साहू, किशोर साहू राष्ट्रीय अलंकरण, लक्ष्मण मस्तुरिया और लाला जगदलपुरी साहित्य पुरस्कार दिए गए थे।
इसी तरह जनसंपर्क विभाग की ओर से चंदूलाल चंद्राकर स्मृति पत्रकारिता, मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता और पंडित माधवराव सप्रे राष्ट्रीय रचनात्मकता सम्मान प्रदान किए गए थे। इसके अलावा सहकारिता, कृषि, स्वास्थ्य, मत्स्य, श्रम, पुलिस, विधि और उच्च शिक्षा विभाग के पुरस्कार भी शामिल थे।
समाजसेवा और प्रदेश का नाम रोशन करने वाले लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए दानवीर भामाशाह और छत्तीसगढ़ अप्रवासी भारतीय सम्मान जैसे पुरस्कार भी प्रदान किए गए थे।
तीजन बाई और संत रविदास के नाम पर जुड़ेंगी नई श्रेणियां
इस बार राज्य अलंकरण समारोह की खास बात यह है कि पंडवानी गायिका तीजन बाई और संत रविदास के नाम पर पहली बार दो नए सम्मान शुरू किए जा रहे हैं। इससे राज्य अलंकरण की सूची में दो नई श्रेणियां जुड़ेंगी। कुल 41 पुरस्कारों के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों और संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा।
