Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। ‘ज्ञानु और जानू’ नाम से चर्चा में आए विवादित वीडियो को लेकर मामला दर्ज होने के बाद जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अजित जोगी के बेटे अमित जोगी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। भाजपा नेताओं की शिकायत पर रायपुर के सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने पूछताछ के लिए जोगी निवास पर उनके नाम से नोटिस चस्पा किया है। नोटिस में उन्हें प्राप्ति के एक दिन के भीतर थाने में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस की ओर से चस्पा नोटिस में बताया गया है कि 3 नवंबर को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196, 352, 353(2), 356(2) और आईटी एक्ट के तहत दर्ज मामले की जांच की जा रही है। जांच से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों को स्पष्ट करने के लिए अमित जोगी से पूछताछ आवश्यक बताई गई है। इसी आधार पर उन्हें नोटिस प्राप्त होने के एक दिन के भीतर सिविल लाइन थाने में उपस्थित होने के लिए कहा गया है।
दरअसल, अमित जोगी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया था, जिसमें प्रधानमंत्री और मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) का मुखौटा पहने दो लोग दिखाई दे रहे थे। वीडियो में दोनों की सांकेतिक शादी और इसके बाद हनीमून के नाम पर एक दृश्य फिल्माकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया था। इस वीडियो को लेकर विवाद बढ़ गया और सोशल मीडिया पर अमित जोगी की आलोचना होने लगी।
विवाद बढ़ने के बाद अमित जोगी ने संबंधित पोस्ट अपने सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दी और सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। उन्होंने लिखा कि एक ऐसी सीमा है, जिसे वह पार नहीं करना चाहते। हनीमून पोस्ट के संदर्भ में उन्होंने कहा कि जिस संदेश को वह देना चाहते थे, वह उनके विश्वास के अनुसार अब भी सही है, लेकिन उसे प्रस्तुत करने का तरीका उचित नहीं था। वहीं, पुलिस अब दर्ज मामले की जांच के तहत अमित जोगी से पूछताछ करना चाहती है।
