Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर पुलिस लाइन में पुलिस द्वारा स्थापित हेलमेट बैंक का शुभारंभ किया। सड़क दुर्घटनाओं में जनहानि रोकने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुरू की गई इस पहल के तहत बैंक में 1000 हेलमेट उपलब्ध कराए गए हैं। जरूरत पड़ने पर दोपहिया वाहन चालकों को यहां से अस्थायी रूप से हेलमेट दिया जाएगा, जिसे अपना काम पूरा करने के बाद वापस जमा करना होगा।
मुख्यमंत्री साय ने जशपुर पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर गंभीर चोट लगने से कई लोगों की जान चली जाती है। हेलमेट का नियमित उपयोग गंभीर चोट और मृत्यु के जोखिम को काफी हद तक कम कर सकता है।
हेलमेट बैंक के माध्यम से ऐसे नागरिकों को सुविधा मिलेगी, जिन्हें किसी जरूरी काम से अचानक दोपहिया वाहन से निकलना हो और उनके पास हेलमेट उपलब्ध न हो। आर्थिक रूप से तत्काल हेलमेट खरीदने में असमर्थ लोग भी इस सुविधा का लाभ ले सकेंगे। नागरिक अपना काम पूरा करने के बाद हेलमेट वापस जमा करेंगे। इसके साथ ही उन्हें सड़क सुरक्षा जागरूकता से जुड़े एक छोटे सेवा कार्य में पुलिस का सहयोग करना होगा।
जशपुर पुलिस बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान भी चला रही है। इसके तहत ऐसे वाहन जब्त किए जा रहे हैं और नया हेलमेट खरीदकर उसकी रसीद प्रस्तुत करने पर बिना चालान काटे वाहन छोड़ा जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों में हेलमेट पहनने की नियमित आदत विकसित करना है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि हेलमेट बैंक जैसी पहल जिले में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सुरक्षित यातायात की संस्कृति विकसित करने में मददगार होगी। जशपुर पुलिस ने ‘हर सिर पर हेलमेट, सुरक्षित आप, सुरक्षित परिवार’ के संदेश के साथ जिले में दोपहिया वाहन से यात्रा करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को हेलमेट उपयोग के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया है।
कार्यक्रम में रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, जशपुर विधायक रायमुनि भगत, पत्थलगांव विधायक गोमती साय, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, सुनील गुप्ता, भरत सिंह, अमर सुल्तानिया, कृष्णा राय, सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा, सरगुजा पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
