Kanker Latest News: केशकाल से कांकेर तक 30 किलोमीटर पीछा, टीआई को टक्कर मारकर भागे तस्कर; कचरे में फेंकी 400 किलो गांजे की बोरियां

Chhattisgarh Kanker News: कांकेर। छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। मंगलवार देर रात केशकाल से कांकेर तक करीब 30 किलोमीटर तक पुलिस और तस्करों के बीच पीछा चला। इस दौरान तस्करों ने केशकाल थाना प्रभारी रितेश मिश्रा को कार से कुचलने की कोशिश की। कार उनके पैर को रगड़ते हुए निकल गई, जिससे उनके अंगूठे में गंभीर चोट आई। घटना के बाद तस्कर मौके से फरार हो गए। बुधवार दोपहर ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने कचरे के ढेर से 400 किलो से अधिक गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ रुपए से ज्यादा बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, ओडिशा से गांजा लेकर आ रही एक फॉर्च्यूनर कार और उसके साथ चल रही टाटा वैक्सीन पायलट गाड़ी को पुलिस ने रोकने की कोशिश की। इसी दौरान एक नेक्सॉन कार के चालक ने थाना प्रभारी रितेश मिश्रा पर गाड़ी चढ़ा दी। इसके बाद अफरा-तफरी मच गई और तस्कर अलग-अलग दिशाओं में फरार हो गए।

पुलिस से बचने के लिए तस्करों ने सिंगारभाट में राइस मिल के पास गड़िया पहाड़ के नीचे कचरे के ढेर में गांजे से भरी बोरियां फेंक दीं। इसके बाद दोनों वाहन अलग-अलग रास्तों से भाग निकले। घटना के बाद केशकाल पुलिस ने वापस लौट रही एक संदिग्ध गाड़ी को रोककर तलाशी ली, लेकिन उसमें कुछ नहीं मिलने पर उसे छोड़ दिया गया। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे ग्रामीणों की सूचना पर कांकेर पुलिस ने कचरे के ढेर से लावारिस हालत में पड़ी बोरियां बरामद कीं। जांच में बोरियों से 400 किलो से अधिक गांजा मिला।

बताया जा रहा है कि रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य जारी होने के कारण ओडिशा से आने वाले तस्कर केशकाल-कांकेर के पुराने रास्तों का इस्तेमाल कर रहे हैं। इससे एक दिन पहले भी केशकाल पुलिस ने 407 किलो गांजा जब्त किया था। लगातार हो रही बड़ी बरामदगी से इलाके में गांजा तस्करी के नेटवर्क को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

कांकेर एसपी निखिल राखेचा ने बताया कि तस्करी में इस्तेमाल किए गए वाहनों और आरोपियों से जुड़े सुराग मिले हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें रवाना कर दी गई हैं।

 

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *