Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़ के 27 हजार मतदान केंद्रों पर होगा किसान मितान का गठन, बंशीलाल गुर्जर ने बताई योजना

Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़। प्रदेश में भाजपा किसान मोर्चा संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत 27 हजार मतदान केंद्रों पर किसान मितान का गठन किया जाएगा। इस योजना की जानकारी देने के लिए राजधानी रायपुर में भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर भी मौजूद रहे।

बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि भाजपा संगठन विस्तार के लिए नए प्रयोग कर रही है। किसान मितान के माध्यम से मतदान केंद्र स्तर तक संगठन को मजबूत किया जाएगा। प्रत्येक बूथ पर 10 कार्यकर्ता तैनात रहेंगे, जो संगठन विस्तार के साथ किसानों से जुड़ी समस्याओं को समझेंगे और उनकी बात सरकार तक पहुंचाएंगे।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने किसानों के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। वहीं, छत्तीसगढ़ सरकार भी भाजपा के घोषणा पत्र के अनुरूप किसानों की मजबूती के लिए काम कर रही है। सरकार किसानों का धान खरीद रही है और कृषि क्षेत्र में फसल विविधीकरण यानी क्रॉप डाइवर्सिटी को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। कृषि क्षेत्र की चुनौतियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।

गुर्जर ने किसान मितान को नया कॉन्सेप्ट बताते हुए कहा कि इसके जरिए किसानों की जमीनी समस्याओं और खेती-किसानी की वास्तविक स्थिति की जानकारी सरकार तक पहुंचाई जाएगी। कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी होगी कि वे किसानों से लगातार संपर्क बनाए रखें, उनकी जरूरतों को समझें और खेती से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सहयोग करें। बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता से किसानों और सरकार के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा।

धान खरीदी की अंतर राशि को लेकर किसानों की मांग पर बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में किसानों को आदान सहायता के रूप में राशि दी गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री किसी भी किसान की राशि बकाया नहीं रखेंगे। गुर्जर ने आश्वस्त किया कि धान खरीदी की अंतर राशि से जुड़ी किसानों की मांग को भाजपा किसान मोर्चा सरकार के सामने रखेगा और किसान हितों से जुड़े मुद्दों पर लगातार संवाद करता रहेगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *