Chhattisgarh Latest News: बस्तर के सात जिलों में खेलों का महाकुंभ, 11 विधाओं में प्रतिभा दिखाएंगे लाखों खिलाड़ी

Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़। बस्तर की खेल प्रतिभाओं को बड़ा मंच देने वाले बस्तर ओलंपिक के तीसरे संस्करण का आगाज हो गया है। इस बार प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की भागीदारी ने पिछले सभी रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए हैं। संभाग के सातों जिलों से कुल 6 लाख 492 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 3 लाख 92 हजार थी। इस तरह एक साल में पंजीयन कराने वाले खिलाड़ियों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। इस बार बस्तर ओलंपिक में कुल 11 खेल विधाओं को शामिल किया गया है। इनमें एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, हॉकी, वेटलिफ्टिंग, कराटे, कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल सहित अन्य खेल शामिल हैं। खिलाड़ियों को जूनियर और सीनियर वर्ग में बांटकर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया जाएगा। इस आयोजन की खास बात यह है कि इसमें नक्सल हिंसा से प्रभावित दिव्यांग व्यक्तियों और आत्मसमर्पित माओवादियों को भी हिस्सा लेने का मौका मिलेगा। ऐसे करीब 500 खिलाड़ी प्रतियोगिता में शामिल होंगे। इसके जरिए उन्हें खेलों के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखाने और समाज की मुख्यधारा से जुड़ने का अवसर मिलेगा। बस्तर ओलंपिक का उद्देश्य केवल खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करना नहीं, बल्कि गांवों और दूरस्थ अंचलों में छिपी प्रतिभाओं को सामने लाना, युवाओं को खेलों से जोड़ना और क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना भी है। सातों जिलों से लाखों खिलाड़ियों के पंजीयन ने इस आयोजन को लेकर उत्साह को दर्शाया है। अब प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर सबकी नजर रहेगी।
शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *