Chhattisgarh Latest News: ‘गुरुजी’ के नाम से पहचाने जाते थे डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, मुख्यमंत्री ने जनसेवा को किया याद

Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 5 नवंबर को दुर्ग जिले के भिलाई-3 स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में अहिवारा के दिवंगत विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने स्वर्गीय कोर्सेवाड़ा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अहिवारा स्थित शासकीय महाविद्यालय का नामकरण स्वर्गीय डोमन लाल कोर्सेवाड़ा के नाम पर करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि डोमन लाल कोर्सेवाड़ा का निधन छत्तीसगढ़ के राजनीतिक और सामाजिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति है। वे सरल, सहज, मृदुभाषी और मिलनसार जनप्रतिनिधि थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाजसेवा और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। विशेष रूप से अनुसूचित जाति समाज के विकास, सामाजिक सशक्तीकरण और क्षेत्र की प्रगति में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोग उन्हें आत्मीयता से ‘गुरुजी’ कहकर संबोधित करते थे। यह संबोधन उनके प्रति समाज के सम्मान और विश्वास का प्रतीक था। उन्होंने अपने व्यवहार और कार्यों से लोगों के दिलों में विशेष स्थान बनाया। जनसेवा के प्रति उनकी निष्ठा और समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने की भावना आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।

साय ने स्वर्गीय कोर्सेवाड़ा के साथ जुड़े आत्मीय प्रसंगों को साझा करते हुए बताया कि जब वे उपचार के लिए हैदराबाद में भर्ती थे, तब उन्होंने स्वयं फोन कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को भी हैदराबाद जाकर उनका हालचाल जानने के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा कि सभी को उनके स्वस्थ होकर लौटने की उम्मीद थी, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। उनका निधन सभी के लिए अत्यंत पीड़ादायक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में कोर्सेवाड़ा ने हमेशा क्षेत्र के विकास और आम लोगों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी। उनकी स्मृतियों और जनसेवा की विरासत को स्थायी बनाए रखने के उद्देश्य से अहिवारा के शासकीय महाविद्यालय का नाम उनके नाम पर रखा जाएगा। इसे उनके प्रति प्रदेश सरकार और क्षेत्र की जनता की ओर से सम्मानपूर्ण श्रद्धांजलि बताया।

श्रद्धांजलि सभा में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल और जगदलपुर विधायक किरण देव ने भी स्वर्गीय कोर्सेवाड़ा के व्यक्तित्व एवं योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष कीर्ति नायक, कलेक्टर अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

 

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *