Chhattisgarh Latest News: नितिन नबीन के खिलाफ बयान पर रामविचार नेताम का कड़ा जवाब, कांग्रेस को बताया मुद्दाविहीन

Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को लेकर कांग्रेस की टिप्पणी पर प्रदेश के मंत्री रामविचार नेताम ने कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के बारे में इस तरह की टिप्पणी करना उचित नहीं है। कांग्रेस को आरोप लगाने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। कांग्रेस ने सारी मर्यादाएं तार-तार कर दी हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरी कांग्रेस को इस तरह की बयानबाजी से बचना चाहिए और समय आने पर जनता इसका जवाब देगी।

मंत्री रामविचार नेताम ने शनिवार को मीडिया से चर्चा के दौरान जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियों, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के रायगढ़ दौरे और प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी के कार्यक्रम को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। इसके तहत 11 से 18 नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन रायगढ़ पहुंचेंगे। उनके साथ भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी और सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू भी दौरे पर रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं की भागीदारी के साथ जनजातीय समाज की संस्कृति, पारंपरिक व्यंजनों और कलाकृतियों को प्रदर्शित करने के लिए अलग-अलग आयोजन होंगे। तैयारियों को लेकर व्यापक समीक्षा भी की जाएगी।

पटवारियों के आंदोलन को जानबूझकर समाप्त नहीं कराने और धान खरीदी से बचने के कांग्रेस के आरोपों पर मंत्री नेताम ने कहा कि कांग्रेस मुद्दाविहीन हो चुकी है। सरकार आंदोलनरत पटवारियों के संपर्क में है और उनसे किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए आंदोलन समाप्त करने की अपील की जा रही है। उनकी मांगों पर विचार किया जाएगा।

धान खरीदी की तैयारियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने 360 नए धान उपार्जन केंद्र बढ़ाए हैं, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो। सरकार किसानों को बेहतर सुविधाएं देने और उनके हितों में लगातार काम कर रही है।

वहीं, दिल्ली नहीं जाने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं को नोटिस जारी किए जाने के सवाल पर रामविचार नेताम ने इसे कांग्रेस का आंतरिक मामला बताया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कार्रवाई करते-करते एक दिन कांग्रेस खाली हो जाएगी। उनकी पार्टी में अनुशासन नहीं रह गया है और इस तरह की स्थिति लगातार बनी हुई है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *