Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राजधानी के गुढ़ियारी इलाके में एक किराये के मकान के बंद कमरे से मां और बेटे के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों की मौत करीब तीन से चार दिन पहले होने की आशंका है। कमरे से बदबू आने और मां-बेटे के कई दिनों तक दिखाई नहीं देने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां महिला का शव फर्श पर और बेटे का शव बिस्तर पर मिला। घटनास्थल से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों ने जहर खाकर आत्महत्या की आशंका है। बताया जा रहा है कि महिला अपने बेटे की बीमारी को लेकर परेशान थी।
घटना गुढ़ियारी के छोटा अशोक नगर की है। यहां दिलीप मंडल के मकान में जय जी देशमुख (52) अपने बेटे हंसमुख देशमुख (25) के साथ पिछले करीब चार साल से किराये पर रह रही थीं। जय जी देशमुख ऑनलाइन टीचिंग का काम करती थीं, जबकि उनका बेटा लंबे समय से बीमार था। मकान मालिक के अनुसार, बेटे का इलाज भी चल रहा था।
जानकारी के मुताबिक, मां-बेटे पिछले तीन से चार दिनों से आसपास के लोगों को दिखाई नहीं दिए थे। इसी दौरान उनके कमरे से तेज बदबू आने लगी। अनहोनी की आशंका होने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। गुढ़ियारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद दरवाजा तोड़कर पुलिसकर्मी अंदर दाखिल हुए। कमरे में दोनों के शव अलग-अलग जगहों पर पड़े मिले।
घटना की सूचना पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और एसीपी भी मौके पर पहुंचे। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। फिलहाल मौत के कारणों और घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
