Jashpur Latest News: मां से खाना मांगा, नहीं मिला तो बना दिया मौत का कारण; बीच-बचाव करने आई बहन पर भी हमला

Chhattisgarh Jashpur News: जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां शराब के नशे में एक बेटे ने अपनी ही मां की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी ने घर पहुंचकर मां से खाना मांगा था। खाना नहीं मिलने पर विवाद शुरू हुआ और गुस्से में आकर उसने चूल्हे के पास रखे अधजले लकड़ी के डंडे से मां पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। बीच-बचाव करने पहुंची बहन को भी आरोपी ने नहीं बख्शा और उस पर भी हमला कर दिया। इलाज के दौरान मां की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे रोशन मिंज उर्फ जिंदल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पूरा मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के गढ़ाटोली इलाके का है। मृतका की पहचान वेनेदिक्ता कुजूर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, आरोपी रोशन मिंज शासकीय नवीन महाविद्यालय मनोरा में बीकॉम प्रथम वर्ष का छात्र है और हॉस्टल में रहता है। 7 नवंबर की रात वह दोस्तों के साथ शराब पीने के बाद अपने घर पहुंचा था। घर पहुंचते ही उसने मां से खाना मांगा। खाना नहीं मिलने की बात पर मां और बेटे के बीच विवाद शुरू हो गया।

विवाद के दौरान आरोपी अपना आपा खो बैठा और घर के चूल्हे के पास रखे अधजले लकड़ी के डंडे को उठाकर मां वेनेदिक्ता कुजूर पर हमला कर दिया। उसने महिला के हाथ, पैर और पीठ पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इस दौरान घर में सो रही आरोपी की बहन मां की चीख-पुकार सुनकर बीच-बचाव करने पहुंची, लेकिन आरोपी ने उस पर भी लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया। इसके बाद वह अपने छोटे भाई के पास पहुंचा और खाना नहीं बचाने की बात को लेकर उसे भी धमकाया।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार होकर जुरगुम की ओर चला गया। घर में मौजूद बच्चों ने एंबुलेंस की मदद से घायल महिला को जिला अस्पताल जशपुर पहुंचाया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया। घटना के अगले दिन 8 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे मृतका के पति सुरेंद्र मिंज को एक परिचित के माध्यम से घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही वह जिला अस्पताल पहुंचे। पत्नी से बातचीत के दौरान उन्हें घटना की पूरी जानकारी मिली। इसके बाद वह अपनी बेटी की दवाई लेने घर चले गए।

जब सुरेंद्र मिंज वापस अस्पताल पहुंचे तो उन्हें पता चला कि उनकी पत्नी वेनेदिक्ता कुजूर की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है। इसके बाद पति की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी रोशन मिंज उर्फ जिंदल को 9 नवंबर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने शराब पीने के बाद घर पहुंचने और खाना नहीं मिलने की बात पर मां से विवाद होने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल अधजले लकड़ी के डंडे को गवाहों की मौजूदगी में जब्त कर लिया है। घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए हैं। पोस्टमार्टम के बाद मृतका का शव परिजनों को सौंप दिया गया।

जशपुर के एसएसपी लाल उमेद सिंह ने बताया कि मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि गंभीर अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस के अनुसार, अपराध दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई और जांच जारी है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *