Surguja Latest News: ड्रोन से निगरानी के दावों के बीच हथिनी की मौत, कई दिन बाद जंगल में मिला सड़ चुका शव

Chhattisgarh Surguja News: सरगुजा। जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र में करंट की चपेट में आने से एक हथिनी की मौत का मामला सामने आया है। सुखरीभंडार गांव से लगे कुसुवामुड़ा जंगल में मंगलवार सुबह हथिनी का शव मिला। उसकी उम्र करीब 8 से 10 वर्ष बताई जा रही है। प्रारंभिक आशंका है कि जंगल में बिछाए गए तारों में करंट प्रवाहित होने के कारण उसकी जान गई। घटना के बाद वन विभाग ने मौके से तार जब्त कर लिए हैं, हालांकि अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

मंगलवार सुबह वन विभाग को सूचना मिली कि सुखरीभंडार बस्ती से लगे जंगल में हाथी का शव पड़ा है। सूचना पर डीएफओ लोकनाथ पटेल, एसडीओ फॉरेस्ट सपना मुखर्जी और रेंजर फेंकू प्रसाद चौबे सहित वन अमला मौके पर पहुंचा। हथिनी का शव धान के खेत से करीब 200 मीटर दूर जंगल में पड़ा था। शव सड़ने लगा था और उससे तेज दुर्गंध आ रही थी। जंगली जानवरों ने भी शव को नुकसान पहुंचाया था। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि हथिनी की मौत कई दिन पहले हुई होगी। मौके पर ही पशु चिकित्सकों की टीम ने पोस्टमार्टम किया।

बताया जा रहा है कि सुखरीभंडार बस्ती से करीब एक किलोमीटर दूर वन क्षेत्र में ग्रामीणों के खेत हैं। फसलों को जंगली जानवरों से बचाने के लिए खेतों के चारों ओर लोहे की जाली लगाई गई थी। इसके अलावा खेतों से लगे जंगल में भी जगह-जगह जीआई तार का घेरा बनाया गया था। घटनास्थल से लगभग आधा किलोमीटर दूर 11 केवी की बिजली लाइन गुजरती है। आशंका जताई जा रही है कि इसी लाइन से तार जोड़कर उसमें करंट प्रवाहित किया गया होगा।

हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि तारों में करंट हाथियों को मारने के इरादे से प्रवाहित किया गया था या जंगली सुअर और अन्य वन्यजीवों के शिकार के लिए ऐसा किया गया था। वन विभाग ने मौके से तार जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि करीब एक महीने पहले भी इसी क्षेत्र में करंट लगाकर एक हाथी की हत्या कर दी गई थी। उस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अब दोबारा हथिनी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

उदयपुर वन परिक्षेत्र में हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग ने अत्याधुनिक ड्रोन कैमरों के इस्तेमाल का दावा किया था। इसके बावजूद हथिनी की मौत की जानकारी कई दिन तक नहीं मिल सकी। बताया जा रहा है कि दीपावली के दौरान हाथियों की निगरानी प्रभावित हुई थी। इस क्षेत्र में खरीफ सीजन की शुरुआत में हाथियों के दो अलग-अलग दल पहुंचे थे। दो दर्जन से अधिक हाथी लंबे समय तक यहां मौजूद रहे। उनके लौटने के बाद 17 हाथियों का एक और दल क्षेत्र में आया, जबकि एक अकेला हाथी भी विचरण कर रहा है। पिछले कुछ दिनों से दो हाथियों के अपने दल से गायब होने की चर्चा थी। हालांकि, मृत हथिनी का संबंध उन्हीं हाथियों से था या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

 

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *