Korba Latest News: आंध्र प्रदेश से अंबिकापुर जा रहा कंटेनर खाई में गिरा, 8 नई कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त

Chhattisgarh Korba News: कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। मोरगा चौकी क्षेत्र के बड़े मदनपुर घाट पर 8 नई कारों से लोड एक भारी कंटेनर अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 30 फीट नीचे जा गिरा। हादसे में कंटेनर और उसमें लोड सभी आठ कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। वहीं, दुर्घटना में चालक को चोटें आई हैं, जिसे प्राथमिक उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।

जानकारी के अनुसार, कंटेनर आंध्र प्रदेश से अंबिकापुर स्थित महामाया ऑटो सेंटर जा रहा था। इसी दौरान बड़े मदनपुर घाट के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कंटेनर सड़क से नीचे जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि कंटेनर के परखच्चे उड़ गए और उसमें लोड सभी नई कारों को भारी नुकसान पहुंचा।

दुर्घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मोरगा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया।

मोरगा चौकी प्रभारी मंगतूराम मरकाम ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घायल चालक को प्राथमिक उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *