Chhattisgarh Latest News: रायपुर: छत्तीसगढ़ में तकनीकी शिक्षा, नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को राजधानी रायपुर स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) परिसर में 88 करोड़ 76 लाख रुपये की लागत से बनने वाले मिथिलेश अग्रवाल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप इन इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी की आधारशिला रखी। इस अत्याधुनिक केंद्र के माध्यम से युवाओं को अपने नए विचारों पर अनुसंधान करने, तकनीकी समाधान विकसित करने और उन्हें सफल स्टार्टअप में बदलने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं में प्रतिभा और सामर्थ्य की कोई कमी नहीं है। जरूरत उन्हें सही अवसर, आधुनिक संसाधन और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की है। सरकार ऐसा वातावरण विकसित कर रही है, जिससे युवाओं को अपने सपनों को साकार करने के लिए दूसरे महानगरों की ओर न जाना पड़े, बल्कि वे छत्तीसगढ़ में ही नए आविष्कार करें, उद्योग स्थापित करें और रोजगार के अवसर पैदा करें।
युवाओं के नवाचार और स्टार्टअप को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह सेंटर ऑफ एक्सीलेंस केवल एक अत्याधुनिक भवन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की नई पीढ़ी की आकांक्षाओं और संभावनाओं को साकार करने का केंद्र बनेगा। यहां विद्यार्थियों को अपने विचारों पर अनुसंधान करने, तकनीकी समाधान विकसित करने और प्रोटोटाइप तैयार करने की सुविधाएं मिलेंगी। इसके साथ ही उन्हें अपने नवाचारों को व्यावसायिक स्वरूप देने के लिए भी आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में युवा शक्ति, तकनीक और नवाचार की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
रामदेव अग्रवाल के प्रयास की मुख्यमंत्री ने की सराहना
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के माटीपुत्र और प्रख्यात उद्यमी रामदेव अग्रवाल का विशेष अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि रामदेव अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ की धरती से निकलकर अपनी प्रतिभा, परिश्रम और दूरदर्शिता के बल पर देश के उद्योग एवं वित्तीय जगत में विशिष्ट पहचान बनाई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनी माता मिथिलेश अग्रवाल की स्मृति में इस संस्थान की स्थापना का संकल्प लेकर रामदेव अग्रवाल ने मातृभक्ति, कृतज्ञता और समाजसेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। लगभग 88.76 करोड़ रुपये की इस परियोजना में मोतीलाल ओसवाल फाउंडेशन द्वारा 71 करोड़ रुपये से अधिक का योगदान दिया जा रहा है।
विद्यार्थियों के नवाचार देखकर प्रभावित हुए सीएम साय
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने एनआईटी रायपुर के विद्यार्थियों द्वारा विकसित विभिन्न स्टार्टअप और तकनीकी मॉडलों का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत कर उनके नवाचारों की कार्यप्रणाली, उपयोगिता और भविष्य की संभावनाओं की जानकारी ली। विद्यार्थियों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित कचरा प्रबंधन, दवाइयों की होम डिलीवरी, औद्योगिक उपकरणों एवं धातुओं में खराबी की पहचान और हेलमेट के माध्यम से सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने जैसे तकनीकी समाधान प्रस्तुत किए।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि तकनीक की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब वह आम लोगों के जीवन को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाए। उन्होंने युवाओं से अपने नवाचारों को केवल शैक्षणिक परियोजनाओं तक सीमित न रखकर सफल स्टार्टअप और उद्यमों में बदलने का आह्वान किया।
सेमीकंडक्टर, AI और डेटा सेंटर के क्षेत्र में बढ़ रही भागीदारी
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब खनिज संपदा और पारंपरिक उद्योगों के साथ उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में भी अपनी नई पहचान बना रहा है। प्रदेश में सेमीकंडक्टर इकाइयों की स्थापना की दिशा में काम हो रहा है और एआई डेटा सेंटर पार्क विकसित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि एनआईटी रायपुर, आईआईटी भिलाई, आईआईएम रायपुर और आईआईआईटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थान प्रदेश की बड़ी ताकत हैं। इन संस्थानों की शैक्षणिक और अनुसंधान क्षमता को उद्योगों एवं उद्यमिता से जोड़कर विकास की नई संभावनाएं तैयार की जा सकती हैं।
स्टार्टअप और AI मिशन के लिए 500-500 करोड़ रुपये का प्रावधान
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण मिशन के लिए 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इसके माध्यम से युवाओं को उद्यम स्थापित करने के लिए मार्गदर्शन, पूंजी और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है। वहीं, मुख्यमंत्री एआई मिशन के अंतर्गत भी 500 करोड़ रुपये के निवेश का निर्णय लिया गया है। इसके तहत 100 एआई डेटा लैब और पांच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीकी विकास के अवसर केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहने चाहिए। बस्तर और सरगुजा सहित दूरस्थ एवं जनजातीय अंचलों के युवाओं तक भी आधुनिक शिक्षा, तकनीक और कौशल विकास की सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
रोजगार मांगने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनें युवा
मुख्यमंत्री साय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं को बड़े सपने देखने चाहिए और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर मेहनत करनी चाहिए। जब कोई युवा अपना उद्यम स्थापित करता है, तो वह केवल अपना भविष्य नहीं संवारता, बल्कि अनेक परिवारों की आजीविका और समृद्धि का आधार भी बनता है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि अर्जित ज्ञान और कौशल से समाज के लिए उपयोगी समाधान विकसित करना भी है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह सेंटर आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ को नवाचार, अनुसंधान और उद्यमिता के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
सात अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं से लैस होगा सेंटर
एनआईटी रायपुर परिसर में लगभग 6,525 वर्गमीटर भूखंड पर बनने वाले इस सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का कुल निर्मित क्षेत्रफल लगभग 12,307 वर्गमीटर होगा। बेसमेंट, भूतल और छह मंजिलों वाले इस भवन में उभरती प्रौद्योगिकियों की सात अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी।
इनमें शामिल हैं:
-
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग।
-
रोबोटिक्स एवं ऑटोमेशन।
-
डेटा एनालिटिक्स एवं कंप्यूटिंग।
-
ब्लॉकचेन एवं साइबर सुरक्षा।
-
थ्री-डी प्रिंटिंग एवं एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग।
-
एआर-वीआर एवं इंटरनेट ऑफ थिंग्स।
-
क्लीनटेक एवं सस्टेनेबिलिटी।
इसके अलावा केंद्र में स्टार्टअप इन्क्यूबेशन एवं को-वर्किंग स्पेस, स्मार्ट क्लासरूम, कॉन्फ्रेंस हॉल, प्रदर्शनी क्षेत्र, एम्फीथिएटर और आवासीय सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। यहां नवोदित उद्यमियों को विशेषज्ञों का मार्गदर्शन, प्रोटोटाइप विकसित करने की सुविधा और निवेशकों, बैंकों तथा सरकारी योजनाओं से जुड़ने के अवसर मिलेंगे।
इस केंद्र का लाभ इंजीनियरिंग कॉलेजों, पॉलिटेक्निक संस्थानों और आईटीआई के विद्यार्थियों के साथ कार्यरत पेशेवरों को भी मिलेगा। उन्हें प्रशिक्षण और कौशल विकास की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
मुख्यमंत्री साय ने इस पहल के लिए रामदेव अग्रवाल, मोतीलाल ओसवाल फाउंडेशन, एनआईटी रायपुर के अध्यक्ष डॉ. सुरेश हावरे, निदेशक डॉ. एन. वी. रमना राव और संस्थान की पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षा, तकनीक और उद्यमिता का यह संगम विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।
