Chhattisgarh Balodabazar News: बलौदाबाजार। प्रदेश छात्रावास अधीक्षक संघ के आह्वान पर बलौदाबाजार-भाटापारा जिला छात्रावास अधीक्षक संघ ने अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। जिला मुख्यालय स्थित दशहरा मैदान में आयोजित धरना प्रदर्शन के बाद संघ के पदाधिकारियों ने कलेक्टर के माध्यम से सचिव, आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें छात्रावासों की व्यवस्थाओं में सुधार और अधीक्षकों की समस्याओं के निराकरण की मांग की गई।
संघ की प्रमुख मांगों में छात्रावासों के बजट में वृद्धि, ऑनलाइन उपस्थिति की व्यवस्था बंद करने, अधीक्षकों की पदोन्नति और काम के समय का निर्धारण शामिल है। इसके अलावा महिला छात्रावास अधीक्षकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उनके पुरुष परिजनों के आश्रम परिसर में रहने संबंधी स्पष्ट नियम बनाने तथा छात्रावासों में रहने वाले बच्चों के लिए समुचित चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई।
संघ के जिलाध्यक्ष छतराम महेश्वरी ने कहा कि ज्ञापन के माध्यम से शासन को अपनी समस्याओं और मांगों से अवगत कराया गया है। यदि इन मांगों पर जल्द सकारात्मक विचार नहीं किया गया, तो संघ प्रदेश स्तर पर बड़ा प्रदर्शन करेगा। उन्होंने शासन से अधीक्षकों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने की मांग की।
