CG News: पहले कुत्ते पर किया ट्रायल, फिर लोगों को बनाया शिकार; खर्वे गांव का सनसनीखेज हत्याकांड

CG News: बलौदाबाजार-भाटापारा। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में चार महीने के भीतर आठ लोगों की संदिग्ध मौतों से दहशत में आए खर्वे गांव को आखिरकार राहत मिली है। पुलिस ने इस मामले में 46 वर्षीय किराना दुकानदार रामसहाय जायसवाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर शराब में जहर मिलाकर आठ लोगों की हत्या करने और एक व्यक्ति की हत्या का प्रयास करने का आरोप है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पुरानी रंजिश, विवाद और अंधविश्वास के चलते लोगों को निशाना बनाता था।

ग्रामीणों की शिकायत से खुला मौतों का राज

पुलिस के अनुसार, गांव में लगातार हो रही मौतों से परेशान ग्रामीणों ने 6 जून को पुलिस को आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी। ग्रामीणों ने सभी मौतों पर संदेह जताते हुए रामसहाय जायसवाल का नाम सामने रखा। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और सात मृतकों के शवों को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराया गया। फॉरेंसिक जांच के लिए डीएनए, विसरा और अन्य नमूने सुरक्षित रखे गए।

पहले कुत्ते पर किया जहर का परीक्षण, फिर लोगों को बनाया शिकार

पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने सबसे पहले एक कुत्ते को जहर खिलाकर उसका असर देखा था। इसके बाद उसने गांव के लोगों को शराब में जहर मिलाकर पिलाना शुरू किया। आरोपी ने 6 फरवरी से 14 मई के बीच आठ लोगों की हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, बद्री, बुठालु, छत्तूराम, बुधराम, विनोद कुमार, गजानंद, चैतूराम और महेतरू राम उसकी साजिश का शिकार बने।

हत्या के बाद अंतिम संस्कार में भी शामिल होता था आरोपी

जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी खुद पर शक न हो इसलिए मृतकों को अस्पताल ले जाने, उनके परिवारों को सांत्वना देने और अंतिम संस्कार में शामिल होने का नाटक करता था। गांव के लोगों को लंबे समय तक इस बात का अंदाजा नहीं हुआ कि मौतों के पीछे कोई सुनियोजित साजिश है।

एक व्यक्ति बचा, उसी से मिला अहम सुराग

पुलिस ने बताया कि 14 अप्रैल को आरोपी ने कार्तिक नामक युवक को भी जहर मिली शराब पिलाई थी, लेकिन समय रहते उसे अस्पताल पहुंचा दिया गया, जिससे उसकी जान बच गई। इसी घटना और ग्रामीणों के संदेह ने जांच को नई दिशा दी। तकनीकी साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या के आठ और हत्या के प्रयास का एक मामला दर्ज किया गया है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *