Bhopal News : मध्य प्रदेश के संविदाकर्मियों को बड़ी सौगात, वेतन में 4.46% बढ़ोतरी

Bhopal News: भोपाल। मध्य प्रदेश के संविदा अधिकारी-कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य सरकार ने संविदाकर्मियों के पारिश्रमिक में 4.46 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि को मंजूरी दे दी है। इस संबंध में वित्त विभाग ने आदेश जारी कर दिया है। नई दरें 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी होंगी।

वित्त विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, सामान्य प्रशासन विभाग की 22 जुलाई 2023 की संविदा नीति के तहत उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) के आधार पर हर वर्ष संविदा कर्मचारियों के वेतन में संशोधन किया जाता है। इसी के तहत इस वर्ष वेतन वृद्धि लागू की गई है।

1,200 से 3,200 रुपये तक बढ़ेगा मासिक वेतन

नई व्यवस्था के तहत संविदाकर्मियों के मासिक वेतन में पद और वेतनमान के अनुसार करीब 1,200 रुपये से 3,200 रुपये तक की बढ़ोतरी होगी। पिछले वर्ष यह वृद्धि दर 2.94 प्रतिशत निर्धारित की गई थी, जबकि इस बार इसे बढ़ाकर 4.46 प्रतिशत किया गया है।

संविदाकर्मी महासंघ ने जताया आभार

मप्र संविदा अधिकारी-कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष रमेश राठौर ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि बढ़ती महंगाई के बीच उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के आधार पर वेतन वृद्धि की मांग लंबे समय से की जा रही थी। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त किया।

सरकार के इस फैसले से प्रदेश के हजारों संविदाकर्मियों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *