CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिन मौसम का अलर्ट: गरज-चमक, तेज आंधी और बारिश के आसार, मानसून की बढ़ी रफ्तार

CG Weather Update: रायपुर। छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है। हालांकि तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना फिलहाल नहीं जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन दर्ज नहीं किया गया। सबसे अधिक अधिकतम तापमान रायपुर (माना) में 42.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मानसून की एंट्री के लिए अनुकूल हालात

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून के अगले तीन से चार दिनों में छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। मानसून महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और बंगाल की खाड़ी के अन्य हिस्सों में भी तेजी से सक्रिय हो सकता है। इससे प्रदेश में मौसम की गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है।

दो मौसमी सिस्टम बने वजह

मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश और उससे लगे क्षेत्रों में 1.5 से 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई तक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश से तेलंगाना तक छत्तीसगढ़ होकर गुजरने वाली द्रोणिका (ट्रफ लाइन) भी बनी हुई है।

इन दोनों मौसम प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में पर्याप्त नमी पहुंच रही है, जिसके कारण गरज-चमक, तेज हवाएं और बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी हो रही है।

रायपुर में बादल, आंधी और बारिश के संकेत

राजधानी रायपुर में सोमवार 8 जून को आंशिक से घने बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ धूलभरी आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की सलाह दी है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *