Jahangir Khan Arrest: कोलकाता। पश्चिम बंगाल की फालता विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के उम्मीदवार रहे जहांगीर खान को राज्य पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार उसे मंगलवार सुबह नेपाल सीमा क्षेत्र से हिरासत में लिया गया। चुनाव परिणाम आने के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था और सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश में जुटी थीं।
जानकारी के मुताबिक, जहांगीर खान पर चुनाव से पहले और मतदान के दौरान कई गंभीर आरोप लगे थे। उस पर मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) के दौरान बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को प्रभावित करने तथा मृत व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के आरोप लगाए गए थे।
धमकी और चुनावी गड़बड़ियों के आरोप
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने भी सार्वजनिक रूप से जहांगीर खान के खिलाफ शिकायतें उठाई थीं। चुनाव से पहले उसके खिलाफ क्षेत्र में लोगों को धमकाने और दबाव बनाने के आरोप भी सामने आए थे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश के पूर्व पुलिस अधिकारी एवं मुठभेड़ विशेषज्ञ अजय पाल शर्मा को विशेष पर्यवेक्षक के रूप में डुंडी थाना क्षेत्र में नियुक्त किया था।
EVM विवाद के बाद बढ़ी थी मुश्किलें
फालता विधानसभा क्षेत्र में मतदान के दौरान कई ईवीएम मशीनों पर सेलोटेप लगाए जाने का मामला सामने आया था। इस घटना को लेकर भी जहांगीर खान का नाम विवादों में आया। मामले को गंभीर मानते हुए चुनाव आयोग ने फालता विधानसभा क्षेत्र में दोबारा मतदान कराने का निर्णय लिया था।
चुनाव के बाद हो गया था गायब
4 मई को चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद से जहांगीर खान सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं दिया। बताया जाता है कि उसने मतदान से दो दिन पहले ही अपना नामांकन वापस ले लिया था। इसके बाद से वह लगातार फरार था और जांच एजेंसियों की पहुंच से बाहर बना हुआ था।
नेपाल के रास्ते विदेश भागने की थी तैयारी
सूत्रों के अनुसार जहांगीर खान ने कानूनी सुरक्षा हासिल करने का प्रयास भी किया था, लेकिन राज्य सरकार ने उसकी सुरक्षा वापस लेने के लिए आवेदन दिया था। जांच एजेंसियों को आशंका थी कि वह नेपाल के रास्ते विदेश भागने की तैयारी में था। हालांकि STF की कार्रवाई से उसकी यह योजना विफल हो गई।
फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं। माना जा रहा है कि पूछताछ में चुनावी अनियमितताओं और अन्य आरोपों से जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
