Bilaspur News : बाउंसर निखिल गोस्वामी हत्याकांड: 5 दिन बाद भी आरोपी फरार, परिजनों ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर की गिरफ्तारी की मांग

Nikhil Goswami Murder Case : बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र में बाउंसर निखिल गोस्वामी की निर्मम हत्या के पांच दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से परिजनों और गोस्वामी समाज में भारी आक्रोश है। नाराज परिजन और समाज के प्रतिनिधि सोमवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।

चार नामजद आरोपी, फिर भी गिरफ्त से दूर

जानकारी के अनुसार, ग्राम पथर्रा निवासी 27 वर्षीय निखिल भारती गोस्वामी की 4 जून को हत्या कर दी गई थी। परिजनों का आरोप है कि मामले में चार आरोपियों की पहचान हो चुकी है, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। समाज के लोगों ने कहा कि निखिल एक होनहार और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय युवक था, इसलिए आरोपियों पर जल्द कार्रवाई की जानी चाहिए।

मिर्च पाउडर फेंककर पत्थर से कुचला था सिर

बताया जा रहा है कि घटना वाली रात निखिल अपने दो साथियों के साथ अमने मोड़ के पास बैठा था। इसी दौरान बाइक सवार कुछ युवक वहां पहुंचे और विवाद के बाद निखिल की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। इसके बाद आरोपियों ने भारी पत्थर से उसके सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर रूप से घायल निखिल को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पत्नी से संबंधों के शक में हत्या की आशंका

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी भोला मानिकपुरी को निखिल पर अपनी पत्नी से कथित संबंध होने का शक था। इसी रंजिश के चलते साथियों के साथ मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम देने का आरोप है।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया है। एडिशनल एसपी मधुलिका सिंह के नेतृत्व में पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। अधिकारियों ने परिजनों को भरोसा दिलाया है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *