Raipur News : खारून रिवर फ्रंट और महादेव घाट का होगा कायाकल्प, ₹113 करोड़ से बदलेगी तस्वीर

Raipur News : रायपुर। राजधानी रायपुर की जीवनदायिनी खारून नदी और ऐतिहासिक महादेव घाट के विकास एवं सौंदर्यीकरण को लेकर बड़ा कदम उठाया गया है। रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत की अध्यक्षता में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में ₹113.01 करोड़ की लागत से होने वाले विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में तीनों संबंधित विभागों—लोक निर्माण विभाग, नगर निगम और जल संसाधन विभाग—के अधिकारियों ने प्रस्तावित कार्यों की रूपरेखा प्रस्तुत की।

₹113 करोड़ से होंगे विकास कार्य

परियोजना के तहत विभागवार राशि निर्धारित की गई है—

लोक निर्माण विभाग (PWD) – ₹84.15 करोड़
(खारून रिवर फ्रंट निर्माण, विकास एवं सौंदर्यीकरण)
नगर निगम रायपुर – ₹18.86 करोड़
(महादेव घाट का जीर्णोद्धार)
जल संसाधन विभाग – ₹10 करोड़
(खारून नदी से जुड़े आवश्यक कार्य)

महादेव घाट में बनेंगे नए आकर्षण

नगर निगम द्वारा मंदिर परिसर में भव्य स्वागत द्वार, आकर्षक एंट्री गेट, भवनों व दीवारों पर फसाड कार्य, दुकानों की एकरूपता, लैंडस्केपिंग, बैरिकेडिंग और श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही भगवान भोलेनाथ की विशाल प्रतिमा और भव्य शिवलिंग भी स्थापित किए जाएंगे।

रिवर फ्रंट पर होगी आधुनिक सुविधाएं

लोक निर्माण विभाग नदी किनारे मजबूत रिटेनिंग वॉल, घाटों पर स्लोपिंग सीढ़ियां और पूरे परिसर में आधुनिक लाइटिंग व्यवस्था विकसित करेगा, जिससे क्षेत्र का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा।

कार्यों में नहीं होगा दोहराव

बैठक में विधायक राजेश मूणत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि किसी भी प्रकार का दोहराव न हो और सरकारी धन का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने कहा कि मां खारून रायपुर की जीवनदायिनी नदी है और महादेव घाट भगवान शिव का आस्था केंद्र, इसलिए यहां का विकास ऐसा हो कि श्रद्धालुओं को दिव्यता और शांति का अनुभव हो।

बैठक में महापौर मीनल चौबे, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू, पीडब्ल्यूडी एवं जल संसाधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा परियोजना के आर्किटेक्ट सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *