CG News: छत्तीसगढ़ में 10.60 लाख से अधिक आवास पूर्ण, डिप्टी सीएम ने सीएम विष्णुदेव साय को लिखा आभार पत्र

Chhattisgarh News: रायपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के प्रभावी क्रियान्वयन और आवास निर्माण में छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों को लेकर उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत मंत्री विजय शर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने चुनाव से पहले किए गए “मोर आवास-मोर अधिकार” के संकल्प को पूरा करते हुए लाखों गरीब परिवारों के पक्के मकान का सपना साकार किया है।

विजय शर्मा ने अपने पत्र में पूर्व कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध नहीं कराई गई, जिससे लाखों पात्र हितग्राही आवास से वंचित रह गए। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि तत्कालीन पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री टीएस सिंहदेव ने गरीबों के आवास के लिए राशि नहीं मिलने का हवाला देते हुए विभाग से इस्तीफा तक दे दिया था।

डिप्टी सीएम ने लिखा कि भाजपा ने “मोर आवास-मोर अधिकार” अभियान के दौरान जनता से वादा किया था कि सरकार बनने पर पहली ही कैबिनेट बैठक में गरीबों के आवास को मंजूरी दी जाएगी। इसी संकल्प के तहत 14 दिसंबर 2023 को हुई पहली कैबिनेट बैठक में 18.12 लाख से अधिक आवासों को पूरा करने का निर्णय लिया गया।

पत्र के अनुसार सरकार ने 2.46 लाख अपूर्ण आवास, 2011 की स्थायी प्रतीक्षा सूची के 6.99 लाख आवास, आवास प्लस सूची के 8.19 लाख आवास तथा मुख्यमंत्री आवास योजना के 47 हजार से अधिक आवासों को स्वीकृति प्रदान की। इसके अलावा पीएम जनमन योजना और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के लिए विशेष परियोजनाओं के माध्यम से भी आवास निर्माण कार्य कराया जा रहा है।

विजय शर्मा ने दावा किया कि राज्य सरकार ने 26,908 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराकर गरीबों के सिर पर पक्की छत उपलब्ध कराने का काम किया है। उन्होंने कहा कि विष्णुदेव साय सरकार के गठन के बाद अब तक 10.60 लाख से अधिक आवास पूर्ण किए जा चुके हैं।

पत्र में छत्तीसगढ़ को आवास निर्माण के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल बताते हुए कहा गया है कि अप्रैल से अक्टूबर 2025 के बीच प्रतिदिन लगभग 2 हजार आवास पूर्ण किए गए। वर्तमान में भी प्रतिदिन 1600 से अधिक आवासों का निर्माण पूरा किया जा रहा है। वहीं वर्ष 2025-26 में 6 लाख से अधिक आवास पूर्ण होने का लक्ष्य हासिल करने का दावा किया गया है।

अपने पत्र के अंत में विजय शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन में प्रदेश के लाखों गरीब परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध हो सका है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *