CG Weather: रायपुर समेत कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और धूलभरी आंधी का अलर्ट जारी, जानें मौसम का हाल

Chhattisgarh Weather Update: रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगमन का इंतजार अब जल्द खत्म हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में मानसून प्रवेश कर सकता है। इसके लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। वहीं अगले पांच दिनों तक प्रदेश में गरज-चमक, आकाशीय बिजली, तेज हवाओं और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना जताई गई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश दर्ज की गई। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रायपुर में रिकॉर्ड किया गया।

मौसम के बदले मिजाज के बीच कोरबा जिले के लेमरू क्षेत्र में दर्दनाक हादसा हुआ। आंधी-तूफान के दौरान जंगल में बकरी तलाशने गए पति-पत्नी पर पेड़ गिर गया। हादसे में शिवरतन माझी (54) की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।

वहीं कांकेर जिले के अंतागढ़ क्षेत्र में मनरेगा कार्य के दौरान पेड़ के नीचे खड़े ग्रामीणों पर आकाशीय बिजली गिर गई। इस हादसे में उप सरपंच सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए।

तेज आंधी का असर प्रदेश के कई इलाकों में देखने को मिला। भेड़िया नवागांव में स्थित BSNL का 131 फीट ऊंचा टावर गिर गया। अंधड़ के कारण 50 से अधिक पेड़ उखड़ गए और 11 से ज्यादा बिजली के पोल क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं मुंगेली में शराब दुकान का शेड तेज हवा में उड़ गया।

मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।

राजधानी रायपुर में भी दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और धूलभरी आंधी की संभावना जताई गई है। यहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *