CG Durg News: भिलाई में EWS जमीन पर चला बुलडोजर, 12 साल पुराना अतिक्रमण हटाया गया

CG Durg News: दुर्ग। भिलाई नगर निगम ने अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अयप्पा नगर स्थित आनंद विहार और उल्लास नगर क्षेत्र की करीब डेढ़ एकड़ ईडब्ल्यूएस (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) की सरकारी जमीन को कब्जामुक्त करा लिया। वर्षों से इस जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए निगम ने बुलडोजर चलाया, जिसमें अवैध रूप से निर्मित मदरसा, मकान और अन्य निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया।

12 साल बाद सफल हुई कार्रवाई

नगर निगम प्रशासन के अनुसार इस जमीन से अतिक्रमण हटाने के प्रयास वर्ष 2014 से लगातार किए जा रहे थे, लेकिन विभिन्न कारणों से कार्रवाई सफल नहीं हो पा रही थी। आखिरकार हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद जिला प्रशासन, पुलिस और निगम की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।

भारी पुलिस बल की मौजूदगी में चला अभियान

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सुबह से ही पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था। चार थाना प्रभारियों के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए क्षेत्र को चार स्तर की घेराबंदी में रखा गया ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

मदरसा और अन्य निर्माण हटाए गए

निगम अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमणकारियों ने सरकारी जमीन पर मदरसा, मकान और अन्य निर्माण कर लिए थे। वहीं एक निजी स्कूल द्वारा भी बाउंड्रीवॉल बनाकर जमीन पर कब्जा किया गया था। बुलडोजर कार्रवाई के दौरान सभी अवैध निर्माणों को हटाकर जमीन को पूरी तरह खाली कराया गया।

गरीबों के लिए बनेंगे प्रधानमंत्री आवास

नगर निगम आयुक्त राजीव पांडे ने बताया कि आनंद विहार और उल्लास नगर कॉलोनी विकसित करते समय ईडब्ल्यूएस श्रेणी के लिए लगभग 15 प्रतिशत भूमि आरक्षित रखी गई थी। इस जमीन पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों के लिए मकान बनाए जाने थे, लेकिन अवैध कब्जों के कारण परियोजना शुरू नहीं हो सकी।

उन्होंने कहा कि अब जमीन खाली हो चुकी है और यहां जल्द ही पात्र हितग्राहियों के लिए प्रधानमंत्री आवास का निर्माण कराया जाएगा।

अतिक्रमणकारियों को भी मिलेगा आवेदन का अवसर

आयुक्त ने स्पष्ट किया कि जिन लोगों ने जमीन पर कब्जा किया था, यदि वे पात्रता के अनुसार आवेदन करते हैं तो उन्हें नियमानुसार प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल सकता है। हालांकि अब तक किसी भी कब्जाधारी द्वारा इस संबंध में आवेदन प्रस्तुत नहीं किया गया है।

तीन घंटे चली कार्रवाई, नहीं हुआ कोई विरोध

करीब तीन घंटे तक चली इस कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार का विरोध या प्रदर्शन देखने को नहीं मिला। प्रशासन ने पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से पूरी की और जमीन को कब्जामुक्त कर अपने नियंत्रण में ले लिया।

क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी कार्रवाई

भिलाई नगर निगम की यह कार्रवाई पूरे शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है। लंबे समय से लंबित अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को प्रशासन की बड़ी सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *