Bilaspur News: सिरगिट्टी में मर्डर मिस्ट्री: सुबह गली में मिली लाश, जांच में जुटी पुलिस

Bilaspur News: बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के नयापारा स्थित गणेश नगर में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक का खून से लथपथ शव गली के बीचों-बीच पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलने पर सिरगिट्टी पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान गणेश नगर निवासी इरफान बघीरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुबह मोहल्लेवासी जब अपने घरों से बाहर निकले, तब उन्होंने सड़क पर युवक को मृत अवस्था में पड़ा देखा। शव के आसपास काफी मात्रा में खून फैला हुआ था, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई।

शव के पास मिले खून से सने पत्थर

पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान शव के पास से खून से सने सीमेंट के दो बड़े पोलनुमा पत्थर बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इन्हीं पत्थरों से युवक के सिर और शरीर पर वार कर उसकी हत्या की गई।

फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। पुलिस का मानना है कि हत्या काफी बेरहमी से की गई है।

शराबखोरी के बाद विवाद की आशंका

पुलिस की शुरुआती जांच में मामला शराबखोरी के बाद हुए आपसी विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। आशंका है कि किसी बात को लेकर हुए झगड़े ने हिंसक रूप ले लिया और आरोपियों ने युवक की हत्या कर दी। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। इसके अलावा मृतक के परिचितों, दोस्तों और क्षेत्र के संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय मृतक किन लोगों के संपर्क में था।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों और हत्या के तरीके की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी गई है।

घटना के बाद गणेश नगर और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का दावा है कि तकनीकी साक्ष्यों और फॉरेंसिक जांच के आधार पर जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *