CG Weather: छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, कई लोगों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें आपके शहर का हाल

weather

Chhattisgarh Weather News: रायपुर। उत्तर छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। रविवार के बाद सोमवार को भी सरगुजा संभाग के अधिकांश क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई, जिससे नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। लगातार बारिश के बीच सरगुजा जिले में आकाशीय बिजली गिरने की दो अलग-अलग घटनाओं में एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग झुलस गए। मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए भी पूरे संभाग में यलो अलर्ट जारी करते हुए कई स्थानों पर भारी बारिश और गाज गिरने की संभावना जताई है।

सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम करम्हा में बारिश के दौरान बैल चराने गए जयनाथ राम (65) की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। वहीं बतौली थाना क्षेत्र के ग्राम गोविंदपुर में गाज गिरने से सूरज यादव (12) और रामबिलास यादव (48) झुलस गए। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

लगातार हो रही बारिश के कारण उदयपुर, लखनपुर और सीतापुर क्षेत्रों की नदियों और नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। लखनपुर से कटिंदा, लोसंगा, लोसंगी होते हुए कुन्नी और लब्जी जाने वाले मार्ग पर ग्राम लोसंगा के पास बहने वाली नदी में पुलिया के ऊपर पानी बह रहा है। इसके बावजूद लोग जान जोखिम में डालकर उफनती नदी पार कर रहे हैं, जिससे किसी भी समय हादसे की आशंका बनी हुई है।

इधर, अच्छी बारिश से किसानों के चेहरों पर भी खुशी लौट आई है। लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों को अब धान की रोपाई शुरू करने का अवसर मिलेगा। जिन किसानों की नर्सरी (थरहा) तैयार हो चुकी है, वे अब खेतों में रोपाई का काम तेज कर सकेंगे।

बारिश के चलते सरगुजा संभाग में तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों में अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट तथा बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *