अंबिकापुर में आयुष्मान घोटाले का मामला, अस्पताल पर डबल पेमेंट वसूलने का आरोप

Ambikapur News: शहर के गुदरी चौक स्थित निजी लक्ष्मी नारायण अस्पताल पर आयुष्मान भारत योजना के नाम पर कथित फर्जीवाड़ा और मरीज के परिजनों से लाखों रुपये की ठगी का गंभीर आरोप लगा है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अस्पताल संचालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें यह कहकर गुमराह किया कि मरीज का आयुष्मान कार्ड ब्लॉक हो गया है, इसलिए इलाज के लिए नकद भुगतान करना पड़ेगा। इस बहाने अस्पताल ने परिजनों से 1 लाख 60 हजार रुपये नकद वसूल लिए।

बाद में जानकारी जुटाने पर परिजनों को पता चला कि अस्पताल ने उसी मरीज के इलाज के लिए आयुष्मान भारत योजना के तहत भी 1.50 लाख रुपये से अधिक की राशि का क्लेम कर लिया था। आरोप है कि अस्पताल ने एक ही इलाज के लिए परिजनों से नकद राशि लेने के साथ-साथ सरकारी योजना से भी भुगतान प्राप्त किया।

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि लाखों रुपये लेने के बावजूद अस्पताल प्रबंधन ने इलाज का कोई बिल या रसीद उपलब्ध नहीं कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अस्पताल संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या अस्पताल ने इसी तरह अन्य मरीजों के साथ भी फर्जीवाड़ा किया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *