रायपुर में भाजपा सहयोग केंद्र पर कार्यकर्ताओं की भीड़, 166 आवेदन पर डिप्टी सीएम ने लिया संज्ञान

Raipur News: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित सहयोग केंद्र में मंगलवार को उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रदेशभर से पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान बस्तर से लेकर सरगुजा तक के 500 से अधिक कार्यकर्ताओं ने अपनी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव उनके समक्ष रखे।

उपमुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों में मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों से फोन पर चर्चा की और जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। सहयोग केंद्र में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 166 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका उन्होंने बारीकी से परीक्षण किया।

इस अवसर पर अरुण साव ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उन्होंने कहा कि संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में सहयोग केंद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार जनता और कार्यकर्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

सहयोग केंद्र में बस्तर, सरगुजा सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं ने सीधे उपमुख्यमंत्री के सामने अपनी बात रखी। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, प्रदेश उपाध्यक्ष नंदन जैन और प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज भी मौजूद रहे।

वहीं भाजपा ने जानकारी दी कि प्रदेश के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी 8 जुलाई को मंत्रिमंडल की बैठक के कारण परिवर्तित समय पर सहयोग केंद्र पहुंचेंगे। वह दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनेंगे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *