Raipur News: कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष पर ईओडब्ल्यू का शिकंजा, जब्त डायरी और वित्तीय लेन-देन को लेकर हो रही पूछताछ

Raipur News: छत्तीसगढ़ में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल से जुड़े कथित कोयला लेवी, शराब, कस्टम मिलिंग और धान प्रकरण की जांच में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विशेष अदालत से स्थायी वारंट भी जारी था।

ईओडब्ल्यू के मुताबिक, जांच के दौरान जब्त एक डायरी में कांग्रेस भवन के नाम पर करोड़ों रुपये की एंट्री मिलने का दावा किया गया है। एजेंसी का कहना है कि अब तक की जांच में ऐसे तथ्य सामने आए हैं, जिनके आधार पर राशि के स्रोत, उसे पहुंचाने वाले लोगों, प्राप्तकर्ता और धन के उपयोग को लेकर रामगोपाल अग्रवाल से पूछताछ की जा रही है।

जांच एजेंसी का यह भी कहना है कि शराब और धान से जुड़े मामलों में भी करोड़ों रुपये कांग्रेस भवन तक पहुंचने संबंधी तथ्यों की जांच की जा रही है। इन्हीं पहलुओं पर अग्रवाल से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा उनके वित्तीय लेन-देन, संपर्कों और अन्य संबंधित बिंदुओं की भी जांच जारी है।

ईओडब्ल्यू ने बताया कि रामगोपाल अग्रवाल के पुत्र वैभव अग्रवाल से भी पिछले दो दिनों में पूछताछ की गई थी। एजेंसी का कहना है कि पूछताछ और उपलब्ध दस्तावेजों, डिजिटल साक्ष्यों व अन्य सामग्री के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *