Baloda Bazar News: अभयारण्य में लगातार मिले तीन चीतलों के शव, वन विभाग ने पोस्टमार्टम के बाद शुरू की जांच

Baloda Bazar News: बारनवापारा अभयारण्य में तीन चीतलों (हिरण) की मौत का मामला सामने आने के बाद वन विभाग जांच में जुट गया है। प्रारंभिक जांच में दो नर चीतलों की मौत आपसी संघर्ष में होने की पुष्टि हुई है, जबकि तीसरे चीतल की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। वन विभाग शिकार या किसी जंगली अथवा आवारा जानवर के हमले की आशंका को लेकर जांच कर रहा है।

जानकारी के मुताबिक, अभयारण्य के विस्थापित ग्राम रामपुर के पास कक्ष क्रमांक-127 में सोमवार और मंगलवार के दौरान तीन चीतल मृत अवस्था में मिले। घटनास्थल पर पहुंची वन विभाग की टीम ने पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद मृत चीतलों का विधिवत दाह संस्कार कराया।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, दो नर चीतलों के शवों पर मिले चोट के निशान और घटनास्थल की स्थिति से स्पष्ट हुआ कि दोनों के सींग आपस में फंस गए थे। संघर्ष के दौरान गर्दन में गंभीर चोट और अधिक रक्तस्राव होने से दोनों की मौत हो गई। वहीं तीसरे चीतल की मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

वन विभाग ने बताया कि रामपुर क्षेत्र में बड़ी संख्या में चीतल और समीपवर्ती क्षेत्र में काले हिरण भी पाए जाते हैं। यदि तीसरे चीतल की मौत आवारा कुत्तों या शिकार के कारण हुई है, तो यह वन्यजीव संरक्षण के लिए गंभीर चिंता का विषय होगा। फिलहाल विभाग सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की विस्तृत जांच कर रहा है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *