Bijapur News: बाघ शिकार कांड: 7 आरोपी जेल में, जांच के बीच वन विभाग ने तीन कर्मचारियों को किया सस्पेंड

Bijapur News: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सामने आए चर्चित बाघ खाल तस्करी और बाघ शिकार मामले में वन विभाग ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए पासेवाड़ा रेंज के रेंजर, डिप्टी रेंजर और एक बीट गार्ड को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। विभाग का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

वन विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच समिति गठित की थी। जांच के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर संदिग्धों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। अब तक इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका है।

गुरुवार को विभाग ने जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पासेवाड़ा रेंज के तीन वनकर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की। अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद यदि अन्य अधिकारियों या कर्मचारियों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि 3 जुलाई को इंद्रावती टाइगर रिजर्व के पासेवाड़ा कोर एरिया में दो बाघों के शिकार का मामला सामने आया था। जिस कोर एरिया में बिना अनुमति प्रवेश तक प्रतिबंधित माना जाता है, वहां शिकारियों के पहुंचकर दो बाघों का शिकार कर लेने से वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इससे पहले भी टाइगर रिजर्व में वन्यजीव शिकार और तस्करी के कई मामले सामने आ चुके हैं। फिलहाल वन विभाग पूरे प्रकरण के हर पहलू की जांच में जुटा हुआ है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *