Raipur News: लंबित भर्तियों को लेकर बेरोजगारों की गुहार, बोले- देरी से प्रभावित हो रही आयु सीमा

Raipur News: छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में बेरोजगार अभ्यर्थी शनिवार को राजधानी रायपुर पहुंचे और लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को जल्द शुरू करने की मांग उठाई। युवाओं ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उच्च शिक्षा मंत्री, स्कूल शिक्षा मंत्री सहित अन्य जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपकर रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती प्रक्रिया शुरू कराने की मांग की।

अभ्यर्थियों का कहना है कि वे सरकार की घोषणाओं के अनुरूप लंबे समय से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन वित्तीय स्वीकृति मिलने के बावजूद भर्तियों की प्रक्रिया शुरू नहीं हो रही है। उनका आरोप है कि लगातार हो रही देरी के कारण कई अभ्यर्थियों की आयु सीमा प्रभावित हो रही है और वर्षों की मेहनत पर असर पड़ रहा है।

युवाओं के मुताबिक, उच्च शिक्षा विभाग में करीब 700 असिस्टेंट प्रोफेसर पदों के लिए एक वर्ष पहले वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है, जबकि विभाग में तीन हजार से अधिक पद रिक्त हैं। वहीं स्कूल शिक्षा विभाग में 5 हजार शिक्षक पदों के लिए भी स्वीकृति मिलने के बावजूद अब तक भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं की गई है। उनका दावा है कि विभिन्न विभागों में कुल मिलाकर करीब 75 हजार पद खाली हैं।

अभ्यर्थियों ने बताया कि वे पहले भी कई बार सरकार और जनप्रतिनिधियों को आवेदन देकर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग कर चुके हैं। उन्होंने सरकार से लंबित भर्तियों का विज्ञापन जारी कर पारदर्शी और समयबद्ध चयन प्रक्रिया शुरू करने की मांग की, ताकि प्रदेश के हजारों युवाओं को रोजगार का अवसर मिल सके।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *