Raipur News: स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजेगा स्वतंत्रता दिवस समारोह, 7 से 15 अगस्त तक होगा वंदे मातरम् गायन

Raipur News: छत्तीसगढ़ में 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित कर आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में राज्य स्तरीय समारोह को गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित करने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

बैठक में बताया गया कि 15 अगस्त को राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में सुबह 9 बजे राज्य स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा। परेड की तैयारी, रिहर्सल और टुकड़ियों के निर्धारण की जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के पुलिस उप महानिरीक्षक को दी गई है, जबकि सुरक्षा, यातायात और पार्किंग व्यवस्था की जिम्मेदारी रायपुर पुलिस संभालेगी। नगर निगम रायपुर समारोह स्थल की साफ-सफाई, मंच, पंडाल और बैठक व्यवस्था सुनिश्चित करेगा।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे। इनके चयन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी स्कूल शिक्षा एवं संस्कृति विभाग को दी गई है, जबकि रिहर्सल से जुड़ी व्यवस्थाएं रायपुर कलेक्टर के नेतृत्व में की जाएंगी।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिला और तहसील स्तर पर आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोहों के लिए सामान्य प्रशासन विभाग जल्द दिशा-निर्देश जारी करेगा। वहीं वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 7 से 15 अगस्त तक सभी शासकीय कार्यक्रमों में वंदे मातरम् का सामूहिक गायन कराया जाएगा। इसके लिए संस्कृति विभाग अलग से दिशा-निर्देश जारी करेगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *