Bhopal News: लाडली बहना योजना की 38वीं किस्त जारी, CM मोहन यादव ने ट्रांसफर किए 1835 करोड़ रुपए

Bhopal News: भोपाल। मध्य प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख से अधिक लाडली बहनों के लिए रविवार का दिन खुशखबरी लेकर आया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भिंड जिले के लहार में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से लाडली बहना योजना की 38वीं किस्त जारी करते हुए पात्र महिलाओं के खातों में 1500-1500 रुपये की राशि ट्रांसफर की। इसके तहत प्रदेश की महिलाओं को 1835 करोड़ रुपये से अधिक की प्रोत्साहन राशि हस्तांतरित की गई।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भिंड जिले को 322 करोड़ रुपये की लागत वाली 56 विकास परियोजनाओं की सौगात भी दी। इनमें चार शासकीय स्कूलों के नए भवनों का लोकार्पण शामिल है। साथ ही लहार में कॉलेज स्तर पर पीजी कक्षों की सुविधा बढ़ाने की घोषणा भी की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि महिलाएं परिवार की शक्ति और समाज की आधारशिला हैं। राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और लाडली बहना योजना इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं, किसानों, युवाओं और गरीबों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में जल्द ही मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा शुरू की जाएगी, जिससे विशेष रूप से महिलाओं और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सुविधा मिलेगी।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता (UCC) का भी उल्लेख करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में इसे लागू करने की प्रक्रिया इस महीने से शुरू हो रही है। इसके लिए उच्च स्तरीय समिति गठित की गई है और नागरिकों से सुझाव भी लिए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ वितरित किया तथा स्वयं सहायता समूहों, महिला उद्यमियों, पोषण और बागवानी से जुड़ी प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। भिंड दौरे के दौरान उन्होंने दंदरौआ सरकार धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना भी की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *