Korea News:कॉस्मेटिक चोरी के आरोप से शुरू हुई प्रताड़ना, छात्रा की मौत के मामले में एक आरोपी दबोचा गया

Korea News: बैकुंठपुर में आदिवासी नाबालिग छात्रा को कथित रूप से प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए मजबूर करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। IC Mart प्रबंधन से जुड़े मुख्य आरोपी विनोद वैद को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, मामले के दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस लाइन निवासी प्रधान आरक्षक शिवनाथ सिंह पैकरा की 17 वर्षीय पुत्री रितु सिंह (पूजा पैकरा) ने बीते बुधवार अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। जांच में सामने आया कि छात्रा IC Mart गई थी, जहां उस पर कॉस्मेटिक सामान चोरी करने का आरोप लगाया गया। आरोप है कि मार्ट प्रबंधन ने उसे डराकर एक कागज पर जबरन चोरी स्वीकार करने का बयान लिखवा लिया।

इसके बाद छात्रा और उसके परिवार को कथित तौर पर ब्लैकमेल किया जाने लगा। पहले 15 हजार रुपये, फिर 20 हजार और बाद में 50 हजार रुपये की मांग की गई। आरोप है कि रकम नहीं देने पर छात्रा की स्कूटी भी जबरन रख ली गई। बाजार में परिवार के सामने हुई कथित बेइज्जती और लगातार मानसिक प्रताड़ना से आहत छात्रा ने आत्मघाती कदम उठा लिया।

मामले में पुलिस अधीक्षक ने फरार आरोपी जगत वैद, विनोद वैद और दीपक वैद पर 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कोरिया पुलिस ने राजस्थान में दबिश देकर मुख्य आरोपी विनोद वैद को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

इधर, इस मामले का राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) ने भी संज्ञान लिया है। आयोग ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस से पूरे मामले में विस्तृत रिपोर्ट और जवाब तलब किया है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *