Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ विधानसभा मानसून सत्र शुरू, 8 विधेयक होंगे पेश; प्रश्नकाल में CM साय देंगे जवाब

Chhattisgarh News: रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र आज (13 जुलाई) से शुरू हो रहा है। 17 जुलाई तक चलने वाले इस सत्र में कुल 5 बैठकें आयोजित होंगी, जबकि सरकार 8 विधेयक सदन में पेश करेगी। पहले दिन की कार्यवाही पद्म विभूषण पंडवानी गायिका तीजन बाई को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ शुरू होगी।

सत्र के पहले दिन प्रश्नकाल में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप अपने-अपने विभागों से जुड़े सवालों के जवाब देंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री सदन के पटल पर छत्तीसगढ़ राज्य मानव अधिकार आयोग की वार्षिक रिपोर्ट 2024-25, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग का वार्षिक लेखा प्रतिवेदन और आयोग के विनियम-2026 से जुड़े दस्तावेज भी रखेंगे।

वहीं, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ‘विकसित भारत रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन (VBGRAM)’ से संबंधित दस्तावेज सदन में प्रस्तुत करेंगे। वाणिज्य कर मंत्री ओपी चौधरी जीएसटी नेटवर्क की वार्षिक रिपोर्ट 2024-25 सदन के पटल पर रखेंगे। साथ ही फरवरी-मार्च 2026 के विधानसभा सत्र के लंबित प्रश्नों के पूर्ण उत्तर भी सदन में प्रस्तुत किए जाएंगे।

सत्र के पहले दिन ध्यानाकर्षण प्रस्तावों के जरिए भी कई अहम मुद्दे उठेंगे। वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर और धर्मजीत सिंह प्रदेश में पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण में कथित लापरवाही का मुद्दा उठाएंगे। वहीं कांग्रेस विधायक ब्यास कश्यप जांजगीर जिला अस्पताल में परिवार नियोजन प्रोत्साहन राशि के वितरण में कथित अनियमितता का मामला सदन में उठाकर सरकार से जवाब मांगेंगे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *