Dhar News: महिला अस्पताल के लिए दान की गई जमीन पर कब्जे का खेल खत्म, प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

Madhya Pradesh Dhar News: मध्य प्रदेश के धार में करीब 100 साल पुराने मसीह अस्पताल परिसर से जुड़े सरकारी भूमि कब्जा मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। महिला अस्पताल के लिए तत्कालीन राजा द्वारा दान की गई सरकारी जमीन पर कथित अवैध कब्जे को हटाते हुए प्रशासन ने परिसर को कब्जामुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद रहा।

सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार, ग्राम नौगांव के खसरा नंबर 770 की यह जमीन तत्कालीन राजा ने महिलाओं के अस्पताल के लिए दान में दी थी। राजस्व अभिलेखों में यह भूमि आज भी शासकीय नजूल के रूप में दर्ज है। आरोप है कि समय के साथ कुछ लोगों ने इस करोड़ों रुपये मूल्य की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया था।

मामले की जानकारी मिलने के बाद राजस्व विभाग ने पहले संबंधित लोगों के खिलाफ नौगांव थाने में आपराधिक प्रकरण दर्ज कराया था। इसके बाद 20 दिसंबर 2019 को इस पूरे परिसर का रखरखाव और कब्जा आधिकारिक रूप से नगरपालिका को सौंप दिया गया था।

प्रशासनिक कार्रवाई को चुनौती देते हुए संबंधित पक्ष ने इंदौर हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, लेकिन अदालत ने राहत देने से इनकार कर दिया। इसके बाद प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई पूरी की।

कार्रवाई के दौरान मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) विश्व प्रताप सिंह, तहसीलदार दिनेश कुमार उइके सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि कब्जामुक्त कराई गई इस सरकारी जमीन का उपयोग भविष्य में शहर के सार्वजनिक हित और विकास कार्यों के लिए किया जाएगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *