Ambikapur News: कीचड़ बनी सड़क पर धान रोपकर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, 10 साल से अधूरी है पक्के रास्ते की मांग

Chhattisgarh Ambikapur News: अंबिकापुर। सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड की पुहपुटरा पंचायत के चिलबिल पंडोपारा गांव में सड़क की बदहाल स्थिति के खिलाफ ग्रामीणों ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। वर्षों से पक्की सड़क की मांग पूरी नहीं होने पर ग्रामीणों ने कीचड़ और गड्ढों से भरी सड़क पर धान की रोपाई कर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले 10 वर्षों से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन हर चुनाव में आश्वासन मिलने के बावजूद आज तक पक्की सड़क नहीं बन सकी। बरसात के दिनों में सड़क पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो जाती है, जिससे लोगों का आवागमन मुश्किल हो जाता है।

ग्रामीणों के अनुसार खराब सड़क का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों पर पड़ रहा है। एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाती, जिसके कारण मरीजों को करीब दो किलोमीटर तक खाट पर उठाकर मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है।

विशेष पिछड़ी पंडो जनजाति के परिवारों वाले इस गांव में सड़क के अलावा नाली और स्वच्छ पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ तो वे और बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *