Balod News: ‘जहां वर्षा हो, वहीं जल संचयन’ का संदेश, 37 हजार से अधिक लोगों ने निभाई भागीदारी

Chhattisgarh Balod News: बालोद। जिला प्रशासन की पहल पर ‘जल संचय-जनभागीदारी 2.0’ और ‘कैच द रैन 2026’ अभियान के तहत शनिवार को जिलेभर में जल संरक्षण को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान जिले के 1048 विद्यालयों में एक साथ पत्र लेखन गतिविधि आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने जल संरक्षण का संदेश समाज तक पहुंचाया।

अभियान के तहत बालोद, गुरुर, गुंडरदेही, डौंडीलोहारा और डौंडी विकासखंड के लगभग 29,367 विद्यार्थियों ने अपने पालकों, मित्रों और आम नागरिकों को पत्र लिखकर जल की महत्ता, संरक्षण, सदुपयोग और पुनः उपयोग के प्रति जागरूक किया।

इस विशेष अभियान में विद्यार्थियों के अलावा 2,105 शिक्षक, 1,471 पालक, 1,053 शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, 1,351 जनप्रतिनिधि और 2,150 आम नागरिकों सहित कुल 37,497 लोगों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

जिला प्रशासन ने बताया कि अभियान का उद्देश्य वर्षा जल का अधिकतम संचयन कर भविष्य में संभावित जल संकट से निपटना है। सभी प्रतिभागियों ने “जहां वर्षा हो, जब वर्षा हो वहीं जल संचयन” के संदेश को अपनाते हुए जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *