Bilaspur News: सड़क हादसे के घायल की मौत से बवाल, अस्पताल प्रबंधन और परिजनों के दावे आमने-सामने

Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में सड़क हादसे में घायल एक मरीज की इलाज के दौरान मौत के बाद महाराणा प्रताप मार्ग स्थित नोबल हॉस्पिटल विवादों में घिर गया है। मृतक अजय ताम्रकार के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही के गंभीर आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद अजय ताम्रकार को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। भर्ती के समय अस्पताल ने उपचार के लिए राशि जमा करा ली, लेकिन ऑपरेशन दो दिन बाद किया गया। उनका कहना है कि ऑपरेशन के बाद मरीज की मौत हो गई। परिजनों का यह भी आरोप है कि मरीज की गंभीर स्थिति की जानकारी उन्हें पहले नहीं दी गई और अस्पताल के दस्तावेजों में ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर का नाम व हस्ताक्षर भी दर्ज नहीं हैं।

वहीं, अस्पताल प्रबंधन ने सभी आरोपों से इनकार किया है। अस्पताल का कहना है कि मरीज पहले से गंभीर अवस्था में था और उसे बीपी तथा शुगर जैसी बीमारियां थीं। डॉक्टरों ने इलाज शुरू करने से पहले ही परिजनों को संभावित जोखिम और गंभीर स्थिति की जानकारी दे दी थी।

मरीज की मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा करते हुए अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *