Bilaspur News : नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी कैदी की इलाज के दौरान मौत, केंद्रीय जेल में बिगड़ी थी तबीयत

Chhattisgarh Bilaspur News : बिलासपुर । बिलासपुर केंद्रीय जेल में बंद पॉक्सो एक्ट के तहत 20 वर्ष के कठोर कारावास की सजा काट रहे एक कैदी की सोमवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की तबीयत पिछले कई दिनों से खराब थी और उसका उपचार जेल अस्पताल में चल रहा था। सोमवार को सीने में तेज दर्द उठने पर उसे सिम्स रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने रास्ते में दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान प्रभु कुमार मनहर, निवासी विद्याडीह टांगर (पचपेड़ी क्षेत्र) के रूप में हुई है। वह नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में दोषी ठहराया गया था। जानकारी के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे केंद्रीय जेल के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसका लगातार इलाज चल रहा था।

पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर 2024 की रात आरोपी नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ महाराष्ट्र ले गया था। परिजनों की शिकायत पर पचपेड़ी थाना में मामला दर्ज किया गया। बाद में पचपेड़ी पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को महाराष्ट्र के अमलनेर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया और नाबालिग को सकुशल बरामद किया गया।

जांच के बाद मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 जोड़ी गईं। न्यायालय ने आरोपी को दोषी मानते हुए 20 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई थी, जिसके बाद से वह केंद्रीय जेल में निरुद्ध था।

घटना की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन और पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *