Rajnandgaon News: पेट्रोल खत्म होना पड़ा भारी! युवक को धक्का देकर चेन और मोबाइल लूटने वाले आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे

Chhattisgarh Rajnandgaon News: राजनांदगांव। राजनांदगांव पुलिस ने दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नाबालिग को भी हिरासत में लेकर किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की जुपिटर स्कूटी बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, 19 जुलाई को महाराष्ट्र के देवरी से भिलाई लौट रहा युवक आरके नगर चौक के पास पेट्रोल खत्म होने पर अपनी बाइक पैदल ले जा रहा था। इसी दौरान स्कूटी सवार तीन युवकों ने उसे धक्का देकर गिरा दिया और गले से करीब आधा तोला सोने की चेन व जेब में रखा सैमसंग गैलेक्सी मोबाइल लूटकर फरार हो गए। लूटे गए सामान की कीमत करीब 54 हजार रुपये बताई गई।

मामले की जांच के दौरान थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शहरभर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने सुरेंद्र यादव (18) और अभिषेक कुम्भारे (18) को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनके नाबालिग साथी के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की गई।

दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *