Durg News: दुर्ग महिला हत्याकांड का खुलासा, CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से पुलिस ने दबोचे आरोपी

Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र में हुए महिला हत्याकांड का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वैज्ञानिक जांच, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई को मजदूरी के लिए घर से निकली भगवंतीन साहू देर रात तक घर नहीं लौटीं। अगले दिन पुलगांव नाला फ्लाईओवर के पास झाड़ियों में उनका शव मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलगांव थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण, सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और गवाहों के बयान के आधार पर पुलिस ने हर्ष यादव और नितेश ठाकुर को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों पहले पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन साक्ष्यों के सामने उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी शराब के नशे में महिला को पैसों का लालच देकर सुनसान स्थान पर ले गए। वहां उन्होंने कथित तौर पर महिला के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया। विरोध करने और पुलिस में शिकायत की चेतावनी देने पर आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया बोल्डर पत्थर, वारदात के समय पहने गए कपड़े और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

 

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *