CG Guest Teachers Strike News: पढ़ाई प्रभावित होने पर शिक्षा विभाग का बड़ा फैसला, DEO को जारी हुए कड़े निर्देश

CG Guest Teachers Strike News: रायपुर। छत्तीसगढ़ के शासकीय स्कूलों में हड़ताल के कारण प्रभावित हो रही पढ़ाई को देखते हुए स्कूल शिक्षा विभाग ने अतिथि शिक्षकों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। विभाग ने राज्य के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) को निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि 27 जुलाई 2026 तक यदि हड़ताल पर गए अतिथि शिक्षक अपने कार्य पर वापस नहीं लौटते हैं, तो उनकी सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी जाएंगी।

शिक्षा विभाग ने कहा है कि नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से ही अतिथि शिक्षकों की हड़ताल के कारण स्कूलों में पठन-पाठन का कार्य गंभीर रूप से प्रभावित हो रहा है। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई और भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है, जिसे देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

जारी निर्देशों के अनुसार, शाला प्रबंध समिति (SMC) के माध्यम से हड़ताल पर गए अतिथि शिक्षकों को नोटिस जारी कर 27 जुलाई तक हर हाल में संबंधित विद्यालय में लौटकर अध्यापन कार्य शुरू करने के लिए कहा जाएगा।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय सीमा तक शिक्षक ड्यूटी पर नहीं लौटते हैं, तो विभागीय दिशा-निर्देशों की कंडिका 7.3 के तहत उनकी अध्यापन व्यवस्था तत्काल समाप्त कर दी जाएगी।

इसके साथ ही शाला प्रबंध समितियों को निर्देश दिए गए हैं कि जिन अतिथि शिक्षकों की सेवाएं समाप्त हों, उनके स्थान पर तत्काल वैकल्पिक शिक्षकों की व्यवस्था की जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई बिना किसी बाधा के सुचारू रूप से जारी रह सके।

शिक्षा विभाग ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने और स्कूलों में नियमित शैक्षणिक गतिविधियां बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *