Damoh News: साइबर ठगों का नया हथकंडा, दमोह कलेक्टर की फेक Facebook प्रोफाइल बनाकर लोगों को बना रहे निशाना

MP Damoh News: दमोह। मध्यप्रदेश के दमोह जिले में साइबर ठगी का नया मामला सामने आया है। साइबर अपराधियों ने दमोह कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर लोगों को भ्रमित करने और ठगी का प्रयास किया है। मामले की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन ने जनहित सूचना जारी कर लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध सोशल मीडिया गतिविधि से बचने की अपील की है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कलेक्टर के नाम से बनाई गई यह फेसबुक आईडी पूरी तरह फर्जी है। नागरिकों से कहा गया है कि यदि इस आईडी से किसी प्रकार की फ्रेंड रिक्वेस्ट, मैसेज या अन्य संपर्क किया जाए तो उसका जवाब न दें। साथ ही किसी भी स्थिति में अपनी व्यक्तिगत, बैंकिंग या वित्तीय जानकारी साझा न करें।

प्रशासन ने बताया कि वर्तमान समय में साइबर अपराधी वरिष्ठ अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और प्रतिष्ठित व्यक्तियों के नाम से फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर लोगों को ठगी का शिकार बनाने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे मामलों में थोड़ी सी लापरवाही भी आर्थिक नुकसान का कारण बन सकती है। इसलिए सोशल मीडिया का उपयोग करते समय विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।

जिला प्रशासन ने बताया कि कलेक्टर से संबंधित सभी आधिकारिक सूचनाएं, आदेश और अपडेट केवल Collector Office Damoh के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से ही जारी किए जाते हैं। नागरिकों से अपील की गई है कि यदि कलेक्टर के नाम से कोई संदिग्ध या फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट दिखाई दे या उससे कोई संदेश प्राप्त हो, तो इसकी सूचना तुरंत साइबर पुलिस या संबंधित अधिकारियों को दें। साथ ही ऐसे अकाउंट की रिपोर्ट कर उसे ब्लॉक करें, ताकि अन्य लोग भी साइबर ठगी का शिकार होने से बच सकें।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *