Raipur News: मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए गायत्री हॉस्पिटल का नि:शुल्क जांच शिविर, मरीजों ने की सराहना

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राजधानी रायपुर के डीडीनगर स्थित गायत्री हॉस्पिटल में एक दिवसीय निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 60 से अधिक मरीजों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया और विशेषज्ञ चिकित्सकों से नि:शुल्क परामर्श प्राप्त किया। इस दौरान विशेष रूप से मधुमेह (डायबिटीज), उच्च रक्तचाप (ब्लड प्रेशर) और मौसमी बीमारियों की जांच की गई।

अस्पताल के चिकित्सक डॉ. अरुण मढ़रिया ने बताया कि लोगों को समय रहते बीमारियों की पहचान और उचित उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समय-समय पर ऐसे निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि इस बार भी बड़ी संख्या में मरीज जांच कराने पहुंचे। जांच के दौरान अधिकांश मरीज डायबिटीज से प्रभावित पाए गए, जिन्हें आवश्यक जांच के साथ खानपान, दवा और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने संबंधी विस्तृत परामर्श भी दिया गया।

डॉ. मढ़रिया ने कहा कि मौसम में बदलाव के चलते इन दिनों वायरल संक्रमण और अन्य मौसमी बीमारियों के मामले बढ़ रहे हैं। ऐसे समय में समय पर स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय सलाह लेना बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से अस्पताल ने यह निशुल्क शिविर आयोजित किया, ताकि लोग शुरुआती स्तर पर ही बीमारी की पहचान कर उचित इलाज शुरू करा सकें।

शिविर में पहुंचे मरीजों ने अस्पताल की इस पहल की सराहना की। उनका कहना था कि नि:शुल्क जांच और विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श मिलने से उन्हें अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की सही जानकारी मिली। कई मरीजों ने बताया कि निजी अस्पतालों में जांच और परामर्श पर होने वाला खर्च इस शिविर के माध्यम से बच गया। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की।

अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि समाज के अधिक से अधिक लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से आगे भी नियमित अंतराल पर निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान कर उनका उपचार सुनिश्चित किया जा सके।

 

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *