Chhattisgarh Kondagaon News : कोंडागांव। नगर के कोपाबेड़ा जलाशय सौंदर्यीकरण परियोजना के दौरान निर्माणाधीन नाले में गिरने से छह वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद ठेकेदार की लापरवाही और निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतजामों की कमी को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है।
जानकारी के अनुसार, नहरपारा निवासी चांदनी नाग (6 वर्ष), पिता मानसिंह नाग, गुरुवार सुबह करीब 10 बजे घर के पास खेलते समय निर्माणाधीन नाले में भरे पानी में फिसलकर गिर गई। नाले में गहरा पानी होने के कारण वह डूब गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने बच्ची को बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इसी निर्माणाधीन नाले में पहले भी एक बच्चे की जान जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद ठेकेदार ने न तो बैरिकेडिंग कराई और न ही चेतावनी बोर्ड या अन्य सुरक्षा इंतजाम किए। लोगों का कहना है कि लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद जिम्मेदारों की लापरवाही जारी है।
घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए निर्माण स्थल पर तत्काल सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है।
