Raipur News : व्यायाम शिक्षक भर्ती की मांग तेज, रायपुर में सैकड़ों अभ्यर्थियों का प्रदर्शन

Chhattisgarh Raipur News : रायपुर। छत्तीसगढ़ में जारी शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में व्यायाम शिक्षक के पद शामिल नहीं किए जाने से अभ्यर्थियों का विरोध तेज हो गया है। बुधवार को सैकड़ों अभ्यर्थियों ने राजधानी रायपुर में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के बंगले के पास प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। मौके पर मौजूद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकते हुए वहां से हटाया।

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का आरोप है कि उन्हें शिक्षा मंत्री से मिलने नहीं दिया गया। उनका कहना है कि सरकार द्वारा पूर्व में दिए गए आश्वासनों और विभागीय स्तर पर पदों की स्वीकृति के बावजूद अंतिम भर्ती विज्ञापन में व्यायाम शिक्षक के पद शामिल नहीं किए गए।

अभ्यर्थियों ने बताया कि वर्ष 2019 में व्यायाम शिक्षक के 745 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी, लेकिन सरकार बदलने और कोविड-19 महामारी के कारण प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। इसके बाद वर्ष 2023 में शिक्षक भर्ती निकाली गई, लेकिन उसमें व्यायाम शिक्षक का एक भी पद शामिल नहीं किया गया।

प्रदर्शनकारियों का दावा है कि तत्कालीन सरकार ने 1,440 व्यायाम शिक्षक पद सृजित करने की घोषणा की थी। उनका आरोप है कि वित्त विभाग ने व्यायाम एवं योग शिक्षा के लिए 300 पदों को स्वीकृति दी थी। योग शिक्षा का ढांचा तैयार नहीं होने के कारण 146 योग शिक्षक पद समाप्त कर दिए गए, जबकि 154 व्यायाम शिक्षक पद स्वीकृत रहे। इसके बावजूद वर्तमान भर्ती प्रक्रिया में इन पदों को शामिल नहीं किया गया।

अभ्यर्थियों ने सरकार से भर्ती प्रक्रिया में व्यायाम शिक्षक के स्वीकृत पदों को शामिल करने और जल्द नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है।

 

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *