Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र में पहचान छिपाकर शादी करने के आरोप का मामला सामने आया है। एक युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि एक मुस्लिम युवक ने अपना नाम बदलकर उससे दोस्ती की, शादी की और कई वर्षों तक अपनी वास्तविक पहचान छिपाए रखी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पीड़िता के अनुसार, करीब छह वर्ष पहले आरोपी ने खुद को ‘सोनू’ नाम से परिचित कराया था। दोनों के बीच दोस्ती हुई और बाद में शादी कर ली। युवती का कहना है कि शादी के बाद वह करीब एक वर्ष तक आरोपी के पंडरी स्थित घर में उसकी नानी और बहनों के साथ रही। इसी दौरान उसने एक बेटे को जन्म दिया।
शिकायत के मुताबिक, आरोपी बाद में हत्या के प्रयास के एक मामले में जेल चला गया और एक वर्ष से अधिक समय तक वहां रहा। जेल से लौटने के बाद उसने बच्चे को अपने पास रख लिया और पीड़िता को बच्चा नहीं सौंप रहा था। इसी विवाद के चलते युवती ने पंडरी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
आरोपी के परिजनों का कहना है कि उन्होंने युवती को परिवार में स्वीकार किया था। उनका दावा है कि आरोपी के जेल जाने के बाद युवती ने स्वयं आधार केंद्र जाकर अपना नाम बदलवाया था।
मामले की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता पंडरी थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
पंडरी थाना पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा कि तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है।
