Raipur News: पेन ड्राइव ने खोला करोड़ों के कारोबार का राज! विदेशी खजूर की खरीदी छिपाकर कर रहा था टैक्स चोरी

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्टेट जीएसटी विभाग ने टैक्स चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए खजूर कारोबारी से 1.30 करोड़ रुपये की पेनाल्टी वसूल की है। विभाग की छापेमार कार्रवाई में सामने आया कि कारोबारी विदेशों से आयात किए गए खजूर की खरीद को रिकॉर्ड में नहीं दिखा रहा था और स्थानीय कारोबार बताकर टैक्स चोरी कर रहा था।

जानकारी के अनुसार, रायपुर के एसएन ट्रेडर्स का देवपुरी में बड़ा गोदाम है, जहां स्टेट जीएसटी विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर छापा मारा। शुरुआती जांच में अधिकारियों को कोई बड़ी गड़बड़ी नहीं मिली, लेकिन गोदाम में रखे एक कंप्यूटर में लगी पेन ड्राइव ने पूरे कारोबार का राज खोल दिया। पेन ड्राइव में करोड़ों रुपये के वास्तविक कारोबार का रिकॉर्ड मिला, जिसकी तुलना जीएसटी रिटर्न से करने पर भारी अंतर सामने आया।

जांच में पता चला कि कारोबारी सऊदी अरब सहित विदेशों से खजूर आयात कर छत्तीसगढ़ के अलावा झारखंड, मध्यप्रदेश और ओडिशा तक सप्लाई करता था। हालांकि आयात और वास्तविक कारोबार का बड़ा हिस्सा जीएसटी रिकॉर्ड में दर्ज ही नहीं किया गया था। अधिकारियों के मुताबिक, कच्चे रिकॉर्ड में मिले कारोबार का केवल एक-तिहाई हिस्सा ही आधिकारिक दस्तावेजों में दिखाया गया था।

खाद्य सामग्री होने के कारण खजूर पर केवल 5 प्रतिशत जीएसटी लागू होता है, इसके बावजूद कारोबारी बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी कर रहा था। जांच पूरी होने के बाद विभाग ने कारोबारी पर 1.30 करोड़ रुपये की पेनाल्टी लगाई। वैधानिक कार्रवाई से बचने के लिए कारोबारी ने पूरी राशि एकमुश्त जमा कर दी। यह खजूर कारोबार से जुड़ी अब तक की सबसे बड़ी जीएसटी वसूली मानी जा रही है।

 

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *