Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने सांसदों, विधायकों, पूर्व सांसदों और पूर्व विधायकों से जुड़े लंबित आपराधिक मामलों की सुनवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस रविंद्र कुमार अग्रवाल की डिवीजन बेंच ने विभिन्न ट्रायल कोर्ट से इन मामलों की अद्यतन स्थिति रिपोर्ट मंगाते हुए अगली सुनवाई 25 अगस्त 2026 तय की है।
सुनवाई के दौरान न्याय मित्र डॉ. एन.के. शुक्ला ने कोर्ट को बताया कि पिछली स्टेटस रिपोर्ट की तुलना में जनप्रतिनिधियों से जुड़े लंबित आपराधिक मामलों की संख्या में दो मामलों की कमी आई है। रायपुर और कबीरधाम जिले के एक-एक मामले का इस अवधि में निराकरण हो चुका है। कोर्ट ने इस प्रगति को रिकॉर्ड में लेते हुए सभी संबंधित अदालतों से नई रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
रिपोर्ट के अनुसार बिलासपुर जिले में कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव और अन्य के खिलाफ मामला विचाराधीन है। वहीं बलौदाबाजार जिले में तृतीय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश और सीजेएम कोर्ट में विधायक देवेंद्र यादव, पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा समेत अन्य जनप्रतिनिधियों से जुड़े मामलों की सुनवाई जारी है। जांजगीर-चांपा जिले में विधायक बालेश्वर साहू से संबंधित मामले में अभियोजन पक्ष के साक्ष्य दर्ज किए जा रहे हैं। रायपुर की विभिन्न अदालतों में भी देवेंद्र यादव, चंद्रदेव प्रसाद राय, कवासी लखमा, संजीव शुक्ला, उद्देश्वरी करा, आकाश शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से जुड़े कई मामले लंबित हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए हाईकोर्ट ने रजिस्ट्रार (ज्यूडिशियल) को निर्देश दिया है कि अगली सुनवाई से पहले सभी संबंधित ट्रायल कोर्ट से ताजा स्थिति रिपोर्ट प्राप्त कर अदालत के समक्ष पेश की जाए। साथ ही आदेश की प्रति तत्काल संबंधित निचली अदालतों को भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि जनप्रतिनिधियों से जुड़े लंबित मामलों की सुनवाई में अनावश्यक देरी न हो।
